
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह बोले, आयकर विभाग को दिया पूरा सहयोग
बलिया। आयकर विभाग की तीन दिन तक चली छापेमारी के बाद भी बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का जनता दरबार लगातार जारी है। अपने व्यस्त कार्यक्रम और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के बावजूद वह लोगों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। गुरूवार को भी उनके आवास पर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जहां विधायक ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम ने हाल ही में विधायक उमाशंकर सिंह और उनके करीबियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई करीब तीन दिनों तक चली, जिसमें लगभग 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल रही। छापेमारी लखनऊ, सोनभद्र और बलिया समेत कई स्थानों पर की गई थी।

हालांकि इस कार्रवाई के बाद भी विधायक के चेहरे पर किसी प्रकार की चिंता या तनाव नजर नहीं आया। उन्होंने सामान्य रूप से लोगों से मुलाकात जारी रखी और जनता दरबार लगाकर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं।

जनता की सेवा मेरी पहली प्राथमिकता
इस दौरान मीडिया से बातचीत में विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा कि उन्होंने आयकर विभाग की टीम को पूरा सहयोग दिया है। जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और उन्हें जांच प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। विधायक ने कहा कि जनता की सेवा उनकी प्राथमिकता है।

इसलिए चाहे कोई भी परिस्थिति हो, वह लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं विधायक के सामने रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

