Asarfi

Ballia : खेत में भैंस घुसने पर खूनी संघर्ष, बुजुर्ग महिला की मौत, गांव में तनाव

width="500"

बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के कैथीकला गांव में खेत में भैंस चले जाने को लेकर बुधवार की शाम दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि करीब दस लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार गांव निवासी शंभू राजभर ने अपने खेत में हरा चारा बोया था। बुधवार की शाम गांव का ही सत्येन्द्र राम खाली पड़े खेत में भैंस और गाय चरा रहा था। इसी दौरान उसकी भैंस शंभू राजभर के खेत में घुस गई। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
आरोप है कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए और जमकर मारपीट होने लगी। संघर्ष में एक पक्ष की 65 वर्षीय भगवती देवी, 45 वर्षीय मुन्ना राजभर, 35 वर्षीय रीता, सरिता, 62 वर्षीय शंभू राजभर, 16 वर्षीय प्रिया तथा 35 वर्षीय फूलवंती गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के 25 वर्षीय सत्येन्द्र, 22 वर्षीय सुंदरम और 21 वर्षीय रामप्रीत भी घायल बताए जा रहे हैं।


घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इलाज के दौरान देर रात भगवती देवी की मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव और बढ़ गया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। मृतका की बहू फूलवंती राजभर की तहरीर पर पुलिस ने रामप्रीत राम, उमेश राम, सत्येन्द्र, सुंदरम समेत आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चार आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गांव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था कायम है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *