
बलिया। ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे है। इधर प्रशासनिक अमले ने निर्वाचन आयोग से प्राप्त 13,49,729 डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का सत्यापन तेज कर दिया गया है। इसे 26 मई तक हर हाल में पूरा करने का टारगेट दिया गया है। प्रशासन संभावित डुप्लीकेट वोटरों का घर-घर जाकर सत्यापन करा रहा है। जो मतदाता मौके पर नहीं मिलेंगे या आधार कार्ड प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे, उनके नाम सूची से हटाए जा सकते हैं।
निर्वाचन आयोग से जिले में इस तरह के 13,49,729 मतदाता चिह्नित किए गए हैं। आयोग पूरी तरह से सख्त है, जिससे पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव हो सके। इसके पहले मतदाता सूची को पूरी तरह से दुरूस्त किया जा रहा है। आयोग की तरफ मतदाता सूची का प्रकाशन 10 जून को किया जाएगा। ग्राम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची की प्रक्रिया तो मार्च में पूरी कर ली गई थी। 15 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन होना था लेकिन समय बढ़ाकर 22 अप्रैल किया गया। इसके बाद एक बार फिर प्रकाशन का समय 10 जून कर दिया है।
इस बीच संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन का कार्य पूरा किया जाएगा। मतदाताओं के डुप्लीकेशन और कंप्यूटरीकरण का कार्य 21 अप्रैल से 28 मई तक होगा, जबकि पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को पूरा हो रहा है। ऐसे में मतदाता सूची प्रकाशन की तिथि बढ़ने के बाद चुनाव समय से कराने को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
नगरा में 117347 और बेरुआरबारी में 57111 वोटर संदेह के में
चुनाव आयोग की तरफ से मिली डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची में नगरा ब्लॉक के 94 ग्राम पंचायत में 117347 डुप्लीकेट मतदाता है। वहीं सीयर के 94 ग्राम पंचायत में 101214 डुप्लीकेट मतदाता है। सबसे कम बेरुआरबारी ब्लॉक के 38 ग्राम पंचायतों में 57111 वोटर संदेह के घेरे में है।
सीडीओ ने कहा…
इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने बताया कि चुनाव आयोग से प्राप्त डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची का सत्यापन चल रहा है। इसमें अगर किसी का साक्ष्य नहीं मिलेगा, तो उन्हें सूची से बाहर किया जाएगा। इसकी जांच तेजी से चल रही है। दो से तीन जगहों पर नाम होने पर भी हटाए जाएंगे।

