नवागत थानाध्यक्ष लाल मणि सरोज ने आगंतुकों से किया परिचय, पीड़ितों को न्याय दिलाना बताया प्राथमिकता
चितबड़ागांव। आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक से पूर्व नवागत थानाध्यक्ष लाल मणि सरोज ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सभासदों, पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत लोगों से परिचय किया। इसके बाद उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और आगामी पर्व को लेकर सभी से सहयोग की अपेक्षा की।थानाध्यक्ष लाल मणि सरोज ने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने अथवा अशांति का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के उसे आगे प्रसारित न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा।उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी। थाना क्षेत्र में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आमजन से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।
बैठक में आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई। थानाध्यक्ष ने पूजा समितियों के पदाधिकारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने तथा पंडालों में सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की अपील की।
इस मौके पर चितबड़ागांव व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू केशरी, विनीत गुप्ता, चंदन सिंह बागी, सिंटू उपाध्याय, अमित गुप्ता, इम्तियाज अहमद, उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक अरविंद यादव, ओम नारायण पाठक, कांस्टेबल मनीष यादव, कांस्टेबल हिमांशु सोनकर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
