बैरिया (बलिया)। थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुर गांव निवासी एक महिला से बैंक से रुपये निकालने के बाद नोट बदलने के बहाने 18 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाण्डेयपुर निवासी उर्मिला देवी पत्नी सुरेंद्र नाथ राम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को करीब 10:30 बजे वह इंडियन बैंक से 25 हजार रुपये निकालने के बाद बैंक परिसर में ही रुपये गिन रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और नोट बदलने की बात कहते हुए उनके हाथ से 25 हजार रुपये की गड्डी ले ली। इसके बदले उसने महिला को नोटों की दूसरी गड्डी थमा दी।
महिला के अनुसार, गड्डी देखने पर उसमें महज सात हजार रुपये ही थे। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने चालाकी से 18 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। ठगी का पता चलने पर महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
