बलिया। सनबीम स्कूल अगरसंडा में बुधवार को बच्चों की सुरक्षा और विधिक जागरूकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पॉक्सो जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के सचिव चंद्र प्रकाश तिवारी ने शिरकत की और छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
इस विस्तृत सत्र में कक्षा 6 से 12वीं तक के सैकड़ों विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह, प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह द्वारा स्मृति चिह्न तथा पुष्पगुच्छ के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।

सत्र के दौरान सचिव चंद्र प्रकाश तिवारी ने बच्चों को प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफ़ेंसेस (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को आपातकालीन स्थितियों में तुरंत मदद प्राप्त करने के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से समझाया। उन्होंने बहुत ही सरल और व्यावहारिक भाषा में बच्चों को समझाया कि वे किस प्रकार इस कानूनी अधिनियम के दायरे में रहकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके साथ ही, किसी भी संदिग्ध या असुरक्षित परिस्थिति उत्पन्न होने पर अपना बचाव करने और खुलकर विरोध दर्ज कराने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला गया। अंत में प्रधानाचार्या डॉ अर्पिता सिंह ने चंद्र प्रकाश तिवारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल पंकज सिंह,विद्यालय प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी, हेडमिस्ट्रेस नीतू पांडे, डीन एकेडमिक शहर बानो और कोऑर्डिनेटर जयप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।
