एक अक्टूबर से शुरू होगा रोड रेस्टोरेशन अभियान
बलिया। गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइप लाइनों के चलते क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों को अब दुरुस्त किया जाएगा। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से प्रदेशभर में एक अक्टूबर से वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत बलिया में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई शेष 169 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना का कार्य कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता पीके वर्मा ने बताया कि जनपद में जल जीवन मिशन के तहत पेयजलापूर्ति के लिए कुल 9995 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन बिछाने के लिए 2586 किलोमीटर सड़क को खोदने की आवश्यकता पड़ी थी। इनमें से 2417 किलोमीटर सड़क की मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि 169 किलोमीटर सड़क का पुनर्स्थापना कार्य अभी शेष है। इन सड़कों को चिह्नित कर लिया गया है और अभियान के दौरान इनका दुरुस्तीकरण कराया जाएगा।
जल सारथी ऐप से कर सकेंगे शिकायत
यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क अब तक दुरुस्त नहीं हुई है तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए ऐप में ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प पर जाकर अपना नाम, गांव का नाम और पूरा पता दर्ज करना होगा। इसके बाद सड़क की स्थिति से संबंधित फोटो और वीडियो भी अपलोड किए जा सकेंगे। प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जा रही है। अभियान के दौरान पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के पुनर्स्थापना एवं दुरुस्तीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जाएगा।
317 गांवों में हो रही पेयजलापूर्ति
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से वर्तमान में जनपद के 317 गांवों में पेयजलापूर्ति की जा रही है। शेष गांवों में पेयजलापूर्ति शुरू करने की चरणबद्ध प्रक्रिया चल रही है। घर-घर तक पानी पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन और इसके लिए खोदी गई सड़कों का विवरण भी संकलित किया गया है। जल जीवन मिशन से संबंधित शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर, जल समाधान ऐप सहित विभिन्न माध्यम उपलब्ध हैं। सड़क से जुड़ी शिकायतें भी इन माध्यमों से दर्ज कराई जा सकती हैं।
