डीएम ने किया बांसडीह तहसील के आपदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने रविवार को तहसील बांसडीह स्थित आपदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से प्रभावित सभी गांवों का तत्काल सर्वे कराया जाए और जिन लोगों की फसल, खेत अथवा मकान को नुकसान हुआ है, उन्हें नियमानुसार जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान गिर गए हैं, उन्हें तत्काल प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एनडीआरएफ की तैनाती तथा नावों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा, ताकि पानी का स्तर दोबारा बढ़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील बांसडीह के सभागार में संबंधित लेखपालों और बीडीओ के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देशित किया कि बाढ़ से जिन किसानों के खेतों में कटान हुआ है और जिनके घर गिर गए हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाए। पात्र प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने लेखपालों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से कार्य करें तथा जरूरतमंद और गरीब किसानों की मदद करें। पात्र लोगों को सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लेखपालों का कार्य केवल जमीन की पैमाइश तक सीमित नहीं है। गांवों में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को समझें और उनके समाधान में मदद करें।
आयुष्मान कार्ड बनाने को विशेष कैंप का निर्देश
जिलाधिकारी ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को सहायता दिलाने को कहा। उन्होंने जनपद को झोपड़ी मुक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि झोपड़ी में रहने वाले गरीब पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार झोपड़ी में रहने के लिए मजबूर न हो।
एसडीएम बांसडीह को तहसील परिसर में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित रूप से पानी का स्तर दोबारा बढ़ सकता है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह सतर्क रहें और राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त रखें। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम बांसडीह, तहसीलदार बांसडीह, समस्त लेखपाल, समस्त बीडीओ एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
