विहान विद्यापीठ पकड़ी के प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय ने किया शुभारंभ
बलिया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में आयोजित क्लस्टर महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को जयपुरिया स्कूल, बलिया के क्रीड़ांगन में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतिष्ठित विद्यालयों की युवा बालिका खिलाड़ियों के आगमन से विद्यालय परिसर पूरी तरह खेलमय नजर आया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का प्रदर्शन करने की जुनून में दिखे।
उद्घाटन समारोह में विहान विद्यापीठ, पकड़ी के प्रबंध निदेशक नितीश उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल मैदान पर अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष की भावना विकसित होती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की आधारशिला बनती है।
इस अवसर पर बलिया जयपुरिया के प्रबंध निदेशक नवीन राय ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि उसे सीबीएसई की प्रतिष्ठित क्लस्टर महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। विद्यालय परिवार खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटा है। प्रतियोगिता का समापन 14 सितंबर को होगा, जहां शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों को भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के माध्यम से खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित किया जाएगा। सीबीएसई के खेल कैलेंडर में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली इस प्रतियोगिता ने बलिया जयपुरिया के परिसर को इन दिनों पूरी तरह खेल उत्सव में बदल दिया है। युवा खिलाड़ियों का जोश, रैकेट की रफ्तार और जीत के लिए उनका जुनून प्रतियोगिता को खास बना रहा है। उद्घाटन समारोह में सीबीएसई आब्जार्बर नीलेश मिश्रा, मुख्य निर्णायक जितेन्द्र शर्मा, सहित सभी आफिसियल कोच मैनेजर मौजूद रहे।
