You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Ballia : कूद-कूदकर स्कूल जाने वाली रागिनी से मिले अखिलेश यादव, दिया दो लाख का चेक

बलिया। मनियर क्षेत्र के दिघेड़ा गांव की दिव्यांग रागिनी शनिवार को अपने माता-पिता देवेंद्र राजभर और बबिता राजभर के साथ लखनऊ में सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलीं। सोशल मीडिया पर कूद-कूदकर स्कूल जाने का वीडियो वायरल होने के बाद रागिनी चर्चा में आई थीं। अखिलेश यादव ने रागिनी को दो लाख रुपये का चेक प्रदान किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
अखिलेश यादव ने रागिनी के बेहतर इलाज और शिक्षा की व्यवस्था समाजवादी पार्टी की ओर से कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान केजीएमयू से आए डॉक्टर ने रागिनी का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। सपा कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं ने रागिनी को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लिया था। गुरुवार को उन्होंने विधायक केतकी सिंह के साथ रागिनी से मुलाकात की थी। अखिलेश यादव का संदेश मिलने के बाद सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू रागिनी और उनके माता-पिता को सड़क मार्ग से लखनऊ लेकर पहुंचे। नीरज सिंह गुड्डू ने बताया कि अखिलेश यादव ने रागिनी के इलाज और शिक्षा की पूरी व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।


नीरज सिंह गुड्डू की पहल पर रागिनी का नारायनपुर गांव स्थित सीबीएसई बोर्ड के बीएन इंटरनेशनल स्कूल में पहले ही दाखिला कराया जा चुका है। स्कूल की ओर से उन्हें कॉपी-किताब, ड्रेस और आवागमन की सुविधा भी दी जा रही है। इस दौरान रामदेव यादव, राजेश यादव, देवेंद्र राजभर, बबिता राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *