
जुलूस मार्ग के हर मोर्चे पर प्रशासन को मिलती रही चुनौती
बलिया। नगर का ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस शुक्रवार को धूमधाम से निकाला गया। पूरा नगर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। हाथी, घोड़ा, ऊंट एवं कई पारंपरिक नृत्यों के साथ अखाड़े अपने निर्धारित स्थल से निकले। इसको लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सतर्क रहा। इसमें शामिल अखाड़ों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। इसे देख हर कोई दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर था। अखाड़ों के गुजरने वाले मार्ग पर जुलूस को जगह-जगह रोककर हनुमान प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया गया।

अखाड़ों के साथ काफी संख्या में फोर्स चल रही थी। लगभग हर कमेटियों ने शौर्य कला का अद्भुत नजारा दिखाया। इस दौरान देश भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इसे देखने के लिए शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों से भी काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। जुलूस मार्ग के हर मोर्चे पर प्रशासन को चुनौती मिलती रही। पुलिस ने भी काफी धैर्य का परिचय दिया। देर रात को लगभग सभी अखाड़े विशुनीपुर मस्जिद के पास से गुजरते रहे।

इस झंडा जुलूस में नगर के विभिन्न अखाड़ों द्वारा एक से बढ़कर एक झांकियां शामिल की गई थीं। विभिन्न देवी-देवताओं के अलावा वीर हनुमान की प्रतिमा काफी आकर्षक तरीके से सजाई गई थी। इन कमेटियों के युवा अपने शौर्य कला का अद्भुत प्रदर्शन कर हर किसी का मन मोह ले रहे थे।

माल गोदाम पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मिड्ढी के अखाड़े का मिलान हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा महावीरी झंडा जुलूस के साथ भारी संख्या में पुलिस बल चलता रहा।

जय बजरंग बली के नारे से गूंजा शहर
बलिया। निर्धारित स्थान से जुलूस निकल कर विभिन्न मार्गों से होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने से शहीद पार्क चौक मार्ग पर कतारबद्घ हो गया। यहां से सभी अखाड़े शहीद चौक पार्क, लोहापट्टी, चमन सिंह बाग रोड, कासिम बाजार, विष्णु धर्मशाला होते हुए विशुनीपुर मस्जिद चौराहा पहुंचे। प्रत्येक अखाड़ों के साथ बड़ी संख्या में फोर्स लगाई गई थी। इस दौरान जय श्रीराम एवं जय बजरंग बली के उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा।

आठ अखाड़ों से निकला जुलूस
बलिया। महावीरी झंडा जुलूस में नगर कमेटी, मिड्ढ़ी, विजयीपुर, टाउन हाल, लोहापट्टी, चमन सिंह बाग रोड, बालेश्वर घाट, सिनेमा रोड एवं गुदरी बाजार का अखाड़ा शामिल हुआ। सभी अखाड़ों से महावीरी झंडा जुलूस पूरे उत्साह से निकला। यह अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए आगे बढ़े। इस दौरान युवाओं ने हैरतअंगेज प्रदर्शन किये। युवा डीजे की धून पर थिरकते रहे।

