
बेरुआरबारी (बलिया): सावन माह की पावन बेला में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब बेरुआरबारी ब्लॉक मुख्यालय से बाबा शोकहरण नाथ सेवा समिति के सैकड़ों कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच रवाना हुआ। श्रद्धालुओं में बाबा भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाजपा जिला कार्यसमिति के सदस्य राना कुनाल सिंह ने कांवरियों की सेवा करते हुए उनके लिए विशेष जलपान की व्यवस्था कराई। उन्होंने यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं को सफर के लिए आवश्यक सामग्री, दवाइयां तथा पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराया और सभी की मंगलमय यात्रा की कामना की। बाबा धाम के लिए प्रस्थान करने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने बाबा शोक हरणनाथ, असेगा के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद भक्तों का जत्था पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ देवघर के लिए रवाना हुआ।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सावन माह में कांवरियों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और धार्मिक भावना को और अधिक मजबूती मिलती है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शैलेन्द्र प्रधान, छात्रनेता अमित सिंह ‘छोटू’, अनमोल सिंह, दीपक यादव, काका जी, चिंतामणि मिश्रा, गुड्डू जी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय उपस्थित रहे।

