
बलिया। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद आनंद चौधरी ने सोमवार को जिला पंचायत बलिया के प्रशासक के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनका अध्यक्षीय कार्यकाल 11 जुलाई को समाप्त हो गया था।
शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश में नए पंचायत चुनाव संपन्न होने तक आनंद चौधरी जिला पंचायत के प्रशासक के रूप में कार्य करेंगे। इस दौरान जिला पंचायत के प्रशासनिक कार्य उनकी देखरेख में संचालित होंगे।
प्रशासक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत अब जिला पंचायत से जुड़े विकास कार्यों और नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने से पहले जिलाधिकारी के संज्ञान एवं नियमानुसार आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। जिला पंचायत में प्रशासक के रूप में उनकी नियुक्ति के साथ ही चुनाव तक की अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्था लागू हो गई है।

