
बलिया। बांसडीहरोड क्षेत्र के स्थानीय बाजार के समीप गत गुरुवार रात पांच वर्ष की बच्ची के अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद भले ही बच्ची को बरामद कर लिया था लेकिन बच्ची के कोर्ट के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह पुष्ट हो गया है कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था।
बांसडीहरोड पुलिस ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई है। वहीं शनिवार को मुख्य आरोपित चंदन कुमार साह निवासी गायघाट, थाना रेवती को ढेलहवा बाबा से दुबहड़ जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है।
पूरा मामला बीते 11 जून की रात की है, जब पोती अपने दादा के साथ सुल्तानपुर से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान बांसडीहरोड तिराहे के पास कोल्ड स्टोर के समीप दादा लघुशंका के लिए रुक गए। इधर बच्ची को अकेली देख वहां से गुजर रहे अज्ञात बाइक सवार उसको जबरन बैठाकर फरार होने लगे। दादा ने पीछा भी किया लेकिन वह असफल रहे।
पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद सक्रिय टीम ने कई घंटे के बाद बच्ची को बरामद किया। अगले दिन 12 जून को पीड़ित पिता द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। हालांकि बच्ची के कोर्ट में बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गई हैं।
थाना प्रभारी वंशबहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर इस मुख्य आरोपित को दबोच लिया, जिसे विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया गया कि पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

