बलिया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बलिया संकुल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया। 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ समेत विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए।
विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए सुषमा ने 400 मीटर, 600 मीटर और ऊंची कूद की तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। लंबी कूद, ऊंची कूद और ट्रिपल जंप में भी बलिया संकुल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। क्रॉस कंट्री में भी खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और गोला फेंक में भी बलिया संकुल के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
डॉ. रामविचार रामरती सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्य प्रतिभा सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी। कोच संगम वर्मा ने भी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत सिर्फ मेडल की नहीं, बल्कि अनगिनत घंटों की मेहनत, पसीने, संघर्ष और कभी हार न मानने वाले जज्बे की जीत है। बलिया संकुल के खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो इतिहास रचा जा सकता है।
