
बलिया। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर अंडरपास की मांग को लेकर दुबहड़ क्षेत्र के कछुआ व ओझा कछुआ ग्राम सभा के किसान शनिवार को भी धरना पर बैठे रहे। उन्होंने राष्ट्रीय राज मार्ग विकास प्राधिकरण के उच्चाधिकारी का पुतला फूंकते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।
पुलिसकर्मियों ने आंदोलनकारियों से बात कर आवागमन संचालित करवाया। किसान मजदूर व ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास न मिलने से उनके ग्राम सभा में आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो जाएगा। दोनों ग्राम सभा की आबादी मार्ग के अभाव में कैद हो जाएगी।
अब तक किसी जनप्रतिनिधि या राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों का धरना स्थल पर नहीं आने के कारण आक्रोशित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 के बिशुनपुरा चट्टी पर पुतला दहन किया गया।
आंदोलनकारियों ने नारे लगाते हुए कहा कि जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान आजाद भोला पांडेय, कल्याण सिंह, ग्राम प्रधान बलराम यादव, चुनमुन दुबे, लीलावती देवी, कलावती देवी, ननकी देवी, राधिका देवी, शिव शंकर राम, विनोद ओझा आदि लोग शामिल रहे।

