
बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के दिउली फुलवरिया स्थित बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में अभिषेकात्मक रूद्र महायज्ञ की भव्य कलश यात्रा शुक्रवार को निकली। यहां अंतरराष्टÑीय ख्याति प्राप्त कथावाचक प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में नौ से 15 जून तक शिव महापुराण कथा होगी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प से शुरू हो रहे कथा के निमित्त कलश यात्रा बांसडीह रोड तिराहा से निकली, जिसमें सैकड़ों श्रद्घालुओं ने भाग लेकर धार्मिक उत्साह और आस्था का परिचय दिया।

कलश यात्रा मंदिर परिसर की परिक्रमा कर कथा स्थल पर पहुंची। इस दौरान श्रद्घालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर कथा आयोजन की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्घि की कामना के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन भी संपन्न कराया गया। यजमान जयराम सिंह, काशीनाथ पांडेय, हर्ष सिंह आदि की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों ने पूजन-अर्चन कर कथा स्थल का शुभारंभ कराया।
आयोजकों ने बताया कि नौ जून से प्रारंभ होने वाली शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्घालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। कलश यात्रा एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रहे।

