
नगरा (बलिया)। बलिया पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलों की चेसिस, बड़ी संख्या में बाइक के कल-पुर्जे, टायर, इंजन, बैटरी तथा वाहन खोलने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत नगरा थाना पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को नगरा ब्लॉक परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के नरही नहर पुलिया के पास तीन संदिग्धों को एक चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेउली निवासी पवन खरवार, लीलकर निवासी मुन्ना गोंड़ तथा रूद्रवार निवासी मुन्ना गोंड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें पवन खरवार के घर में छिपाने और बाद में उनके पुर्जे अलग-अलग कर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पवन खरवार के घर से चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की चेसिस, इंजन, टायर, फ्यूल टैंक, सीट, मडगार्ड, बैटरी समेत भारी मात्रा में कल-पुर्जे बरामद किए। साथ ही बाइक खोलने और जोड़ने में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक टूल बॉक्स भी बरामद हुआ।
जांच में बरामद वाहनों का संबंध नगरा, कोतवाली, उभांव और अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से पाया गया। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने यूनियन बैंक नगरा के पास से चोरी की गई एक अन्य बाइक को किसी अज्ञात व्यक्ति को बेचने की भी बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया। मुख्य आरोपी पवन खरवार के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।

