
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन सख्त नजर आया। मंगलवार को गठित सचल दल टीम-02 ने तीनों पालियों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए कड़े निर्देश दिए।
डॉ. प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में टीम-02 ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच की, साथ ही परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र व पहचान पत्रों का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने केंद्र व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए महाविद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जांच के दौरान मथुरा पीजी कॉलेज, बलिया में चार परीक्षार्थियों के पास से नकल सामग्री बरामद की गई। वहीं टीडी कॉलेज में एक परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन पाया गया, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।
सचल दल टीम-02 में डॉ. स्मिता, डॉ. शैलेश और डॉ. आकाश मौर्य सदस्य के रूप में शामिल रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए दो सचल दल गठित किए हैं। दूसरी टीम डॉ. दुर्गा प्रसाद सिंह के नेतृत्व में कार्य कर रही है, जिसमें डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डॉ. सौम्या तिवारी और डॉ. संजीव शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएंगी।

