Asarfi

Ballia : 67 करोड़ के विकास प्रस्तावों पर चर्चा के बीच नगर पालिका बोर्ड बैठक अधूरी

width="500"

बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया की बोर्ड बैठक सोमवार को सभागार में अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास कार्यों के लिए करीब 67 करोड़ रुपये से अधिक के बजट पर चर्चा की गई।
बैठक में पंचम राज्य वित्त आयोग से प्राप्त 30 करोड़ रुपये के बजट को सभासदों ने मंजूरी दी। वहीं, बोर्ड फंड के 4.27 करोड़ रुपये में से 3.81 करोड़ रुपये खर्च करने पर भी सहमति बनी। इस दौरान कई मुद्दों पर गरमा-गरम बहस हुई। इसी बीच अध्यक्ष के बैठक बीच में ही चले जाने से प्रस्तावों पर उनके हस्ताक्षर नहीं हो सके, जिससे बैठक अधूरी मानी जा रही है। हालांकि, मौजूद सभासदों ने प्रस्तावों पर अपनी सहमति दे दी।
सभासदों ने शासकीय योजना के तहत पंडित दीनदयाल पेयजल व जल निकासी मद से एक करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके अलावा जापलिनगंज में स्वतंत्रता सेनानी पं. महानंद मिश्रा और पूर्व मंत्री विक्रमा पांडेय की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव सभासद सूरज तिवारी द्वारा रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

सभासदों ने उठाया यह मुद्दा
सभासद मधुलिका गुप्ता ने बस स्टैंड पोस्ट लगाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी ने सहमति जताई। वहीं, सभासद अमित कुमार दूबे ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए फर्म की निविदा निरस्त कर नई व्यवस्था लागू करने की मांग की, जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया।
सभासद यशवंत सिंह ने शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई। इसके साथ ही चटोरी गली को पुनः चालू करने और स्थान के अनुसार प्रतिदिन 50 से 100 रुपये शुल्क वसूलने पर भी सहमति बनी।
बैठक में बालेश्वर मंदिर में नया आरओ लगाने तथा गर्मी को देखते हुए शहर के सभी आरओ प्लांट तत्काल चालू कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

अनुमति मिलने के बाद ही प्रस्तावों पर होगा अमल
ईओ सुभाष कुमार ने बताया कि अध्यक्ष के अचानक चले जाने से बैठक की कार्रवाई अधूरी रह गई है। आगे की कार्यवाही के लिए अनुमति मिलने के बाद ही प्रस्तावों पर अमल किया जा सकेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *