
बलिया। समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने बांसडीह विधानसभा के करम्बर गांव निवासी सीमा राजभर उर्फ भावना को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके पहले इस पद पर जूही सिंह थीं। मजे की बात यह है कि जूही सिंह भी बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के सोनाडीह की निवासी थी।

जैसे ही इस नियुक्ति की सूचना कार्यकर्ताओं तक पहुंची, पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।

सीमा राजभर की नियुक्ति को पार्टी संगठन में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से पार्टी से जुड़ी सीमा राजभर ने जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर महिलाओं और पिछड़े वर्गों की आवाज उठाई है। उनके संघर्ष और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए ही पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

