
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के स्वाट, सर्विलांस टीम और बैरिया पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 2ः45 बजे स्वाट/सर्विलांस टीम और बैरिया पुलिस बैरिया से बिहार जाने वाले मार्ग पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से चोरी की मोटरसाइकिलों से जुड़े बदमाशों के बारे में सूचना मिली। पुलिस टीम ने पांच संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुरैजी गांव निवासी हेमंत सिंह (27) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी सोनबरसा भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पांचों के आरोपियों के नाम
पुलिस ने हेमंत सिंह के अलावा हर्ष राज सिंह उर्फ राज सिंह निवासी जगदीशपुर थाना फेफना, दिनेश श्रीवास्तव निवासी हैबतपुर थाना कोतवाली, अनुज उपाध्याय उर्फ शिवम उपाध्याय निवासी बड़का बैजू टोला सिताबदियारा, थाना रिविलगंज, सारण (बिहार), हाल पता टोला शिवन राय थाना बैरिया और जयकुमार गोंड उर्फ संटुल गोंड निवासी बभनौली थाना गड़वार को गिरफ्तार किया है।
ट्रैक्टर, ट्रॉली और 11 बाइक समेत चोरी का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक ट्रैक्टर, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, 11 दोपहिया मोटरसाइकिल, दो पंपिंग सेट मोटर, चोरी करने के उपकरण और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। आरोपी चोरी के वाहनों को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

