
हज-2027 की तैयारियों को मिली नई रफ्तार, पहली निर्धारित तिथि के भीतर 9 साल का रिकॉर्ड टूटा, 19,280 आवेदन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हज-2027 की तैयारियां इस बार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी ने पहली निर्धारित अंतिम तिथि के भीतर ही 19,280 हज आवेदन प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह अब तक पहली निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्त होने वाला सर्वाधिक आवेदन आंकड़ा माना जा रहा है। हालांकि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी है। ऐसे में अनुमान है कि अंतिम तिथि तक प्रदेश से कुल आवेदन 25 हजार से 30 हजार के बीच पहुंच सकते हैं।
हज मामलों के जानकारों का मानना है कि हज-2027 के लिए पहली निर्धारित तिथि के भीतर रिकॉर्ड संख्या में प्राप्त आवेदन, दरअसल हज-2026 के सफल प्रबंधन का रिपोर्ट कार्ड हैं।
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार हज यात्रियों को पारदर्शी, सुविधाजनक और सम्मानजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के सभी सदस्यों, कार्यपालक अधिकारी एवं समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों, जिला प्रशासन, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों, विभिन्न मुस्लिम संगठनों, उलेमा-ए-किराम, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों को भी जाता है।

