
दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बलिया में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
बलिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को बलिया में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र नेता प्रवीण सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र टीडी कॉलेज चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्र शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला जलाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मौके पर मौजूद कोतवाली पुलिस ने पुतला अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। इसे लेकर छात्रों और पुलिस के बीच तीखी बहस के साथ धक्का-मुक्की और खींचतान शुरू हो गई। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ प्रदर्शनकारी जमीन पर गिर पड़े। बाद में पुलिस ने पुतला जब्त कर नष्ट कर दिया।

पुतला दहन रोके जाने से नाराज छात्रों ने टीडी कॉलेज चौराहे पर चक्का जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे एक बार फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान पुलिस ने छात्र नेता प्रवीण सिंह को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान भी छात्र केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

प्रवीण सिंह को हिरासत में लिए जाने के बावजूद अन्य छात्र मौके पर डटे रहे और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित घटना के विरोध में उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। कुछ समय तक टीडी कॉलेज चौराहे पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस हिरासत में छात्र नेता प्रवीण सिंह ने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

