
बलिया। शहर के बेदुआ मोहल्ले में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर मंगलवार से स्थानीय लोगों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। महिलाओं, युवाओं और मोहल्ले के अन्य लोगों का कहना है कि पिछले 30 दिनों से वे लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। आंदोलनकारियों के अनुसार मोहल्ले में स्थित शराब की दुकान पिछले करीब 40 वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्थानीय निवासी गिरजा शंकर राय ने कहा कि मोहल्ले के लोगों की केवल इतनी मांग है कि शराब की दुकान को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि करीब 15 से 20 दिन पहले विरोध स्वरूप पुतला दहन भी किया गया था। उस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने दो-तीन दिन के भीतर दुकान हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में एसडीएम ने भी मौके का निरीक्षण किया था, जिससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि उनकी मांग पूरी होगी। भूख हड़ताल शुरू करने से पूर्व आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी को लिखित पत्र देकर पूरे मामले से अवगत कराया है।
मोहल्ले के लोगों का ये है आरोप
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि यह शराब की दुकान जिले की सबसे बदनाम दुकानों में गिनी जाती है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग शराब खरीदने आते हैं और नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े रहते हैं। इससे महिलाओं, छात्राओं और स्कूल-कोचिंग जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि कई बार अभद्र भाषा और छेड़खानी जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं।
आंदोलनकारियों ने दी चेतावनी
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक शराब की दुकान हटाने का लिखित आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि दुकान हटने के बाद बेदुआ बंधे से पीपल के पेड़ तक पूरे मार्ग पर संगम से लाए गए गंगाजल का छिड़काव कर क्षेत्र को शुद्ध किया जाएगा।
शराब की दुकान हटाने को पूर्व मंत्री ने लिखा पत्र
वहीं शराब की दुकान अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग का समर्थन करते हुए पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने दर्शाया है कि बेदुआ बंधे पर देशी शराब और बीयर एवं अंग्रेजी मदिरा की दुकान होने के कारण जापलिनगंज बेदुआ, यारपुर, कृष्णानगर व निहोरा नगरा के निवासीगण अत्यंत पीड़ादायक परिस्थितियों का सामना कर रहे है। श्री शुक्ला ने बताया कि विगत एक माह से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर मोहल्लेवासी आंदोलनरत है। उन्होंने डीएम से पत्र के माध्यम से अनुरोध किया है कि जनहित में उक्त दुकान को यथाशीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।

