
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा गांव स्थित सदाफल आश्रम में आयोजित यज्ञ के दौरान महिलाओं के गले से चेन काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई पीली धातु की चेन मय लॉकेट, सफेद धातु की चेन और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से एक ईको वैन भी मिली है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को एक महिला ने तहरीर देकर बताया था कि वह अपने परिचित के साथ सदाफल आश्रम में आयोजित यज्ञ में शामिल होने गई थी। यज्ञ समाप्त होने के बाद बाहर निकलने पर उसके गले से सोने की चेन मय लॉकेट और साथ गई परिचित की चांदी की चेन गायब मिली। मामले में फेफना थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को मिठवार मोड़ के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आजमगढ़ के महराजगंज थाना क्षेत्र के परशुराम निवासी पाली उर्फ पल्लवी, मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी सीमा और सुनीता, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के चुनहवा निवासी सुनीता तथा मुबारकपुर निवासी आकाश गुप्ता शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

