
बलिया में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के दिए निर्देश-डीएम
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने आरटीओ को निर्देश दिए कि जिले में पिछले दो वर्षों के दौरान सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होने वाले ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थानों) और एक्सीडेंटल जोन का चिन्हांकन किया जाए। इन स्थानों पर चेतावनी संबंधी बैनर लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को पहले से सतर्क किया जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट और एक्सीडेंटल जोन पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही शहर के दो प्रमुख स्थानों का चयन कर वहां जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक सप्ताह के भीतर कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने आरटीओ को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी विद्यालयों की बसों का सर्वे कर यह सूची तैयार की जाए कि कितनी बसें संचालन योग्य हैं और कितनी बसें मानकों पर नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में एआरटीओ अरुण कुमार राय एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

