
बलिया। नगर पालिका परिषद के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुभाष कुमार का सामान लेकर नए तैनाती स्थल के लिए जा रहे ट्रक को बुधवार देर रात ठेकेदारों ने सरकारी आवास के बाहर रोक दिया। दर्जनों ठेकेदार मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ईओ पर कार्यों से संबंधित फाइलों को लंबे समय से लंबित रखने का आरोप लगाया।
ठेकेदारों का कहना था कि नगर पालिका में करीब सौ ठेकेदारों के कार्यों से जुड़ी फाइलें दो से तीन वर्षों से लंबित हैं। उनका आरोप था कि फाइलों को स्वीकृति नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदारों ने कहा कि उन्हें भुगतान नहीं, बल्कि लंबित फाइलों की स्वीकृति चाहिए।
कुछ ठेकेदारों ने यह भी आरोप लगाया कि कमीशन दिए जाने के बावजूद उनकी फाइलें लंबित रखी गईं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। ट्रक रोके जाने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और ठेकेदारों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के बाद अधिकारियों ने समझा-बुझाकर ईओ का सामान लदा ट्रक वहां से रवाना कराया।

