
सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट पर लगी मुहर, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे शिलान्यास
रोशन जायसवाल,
बलिया। सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट महर्षि भृगु कॉरिडोर को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं और जनता के सवालों पर अब विराम लगने जा रहा है। वर्षों से लोग सवाल उठाते रहे कि आखिर भृगु कॉरिडोर का निर्माण कब शुरू होगा। अब सरकार ने इस परियोजना को गंभीरता से लेते हुए 13 सितंबर को शिलान्यास की तारीख तय कर दी है। महर्षि भृगु मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह शामिल होंगे और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि महर्षि भृगु कॉरिडोर के निर्माण में धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। सरकार ने इसके लिए अपना खजाना खोल दिया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बलिया की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को नई ऊंचाई देने वाली है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सहतवार में आयोजित जनसभा के दौरान महर्षि भृगु कॉरिडोर के निर्माण को जल्द शुरू कराने की बात कही थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद परियोजना को लेकर उम्मीदें बढ़ी थीं। अब 13 सितंबर को शिलान्यास होने के साथ ही कॉरिडोर के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है।
जनता के सवाल का मिला जवाब
महर्षि भृगु कॉरिडोर को लेकर बलिया में लंबे समय से एक ही सवाल चर्चा में था “कॉरिडोर आखिर कब बनेगा?” अब 13 सितंबर की तारीख तय होने के बाद इस सवाल का जवाब मिल गया है। लोगों की निगाहें अब शिलान्यास के बाद निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं।

