बलिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय स्थित विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालयों की कार्यप्रणाली और अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने प्रधान लिपिक कार्यालय, डीसीआरबी, आईजीआरएस सेल, आंकिक शाखा, सीसीटीएनएस सेल, एलआईयू, जनसूचना सेल, साइबर सेल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेल, रिट सेल, पेशी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, अपराध शाखा, महिला सहायता प्रकोष्ठ, शिकायत प्रकोष्ठ और वाचक कार्यालय सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
