72 घंटे का अल्टीमेटम, पुलिस की भूमिका की जांच और कोतवाल के निलंबन की मांग
बलिया। जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को हुई घटना और कथित अराजकता के संबंध में पूरे मामले की जानकारी देते हुए विरोध में ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में कार्रवाई के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया।

कांग्रेस नेताओं ने घटना में पुलिस की भूमिका की जांच कराने और संबंधित कोतवाल को निलंबित करने की मांग की। इसके साथ ही पूर्व मंत्री नारद राय और भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्वेता राय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई। जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं को रखा और निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी, जैनेंद्र पांडेय मिंटू, संतोष चौबे, फूलबदन तिवारी, अशोक सिंह, रुपेश चौबे, सिद्धनाथ तिवारी, महिला जिलाध्यक्ष अनुपमा सिंह, अल्पसंख्यक अध्यक्ष आरिफ खान, विजेंद्र पांडेय मुखिया, रामेश्वर तिवारी पगड़ी, विवेक ओझा और रश्मि सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
