दुकान और डीसीएम से मिला विस्फोटक सामान, त्योहारों से पहले कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बलिया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संभावित हादसों को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और आपूर्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मवेशी अस्पताल के पास गुदरी बाजार स्थित एक दुकान और डीसीएम वाहन से कुल 656.800 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। मौके से पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पटाखों की ढुलाई में इस्तेमाल डीसीएम वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश मिश्र पुलिस बल के साथ चित्तू पांडेय चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मवेशी अस्पताल के पास गुदरी बाजार में एक दुकान, मकान और उसके बेसमेंट में भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। इन पटाखों को जिले के विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति करने की तैयारी थी।
सूचना पर पुलिस टीम ने दुकान पर पहुंचकर जांच की। तलाशी के दौरान बेसमेंट से विभिन्न प्रकार के पटाखों के नौ कार्टून बरामद हुए। इसके बाद दुकान के बाहर खड़ी डीसीएम वाहन संख्या यूपी 65 सीटी 7919 की तलाशी ली गई। वाहन से भी विभिन्न प्रकार के पटाखों के 16 कार्टून मिले। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराने पर बरामद पटाखों की कुल मात्रा 656.800 किलोग्राम पाई गई।
वाराणसी से मंगवाता था पटाखे
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चेतन गुप्ता ने बताया कि वह वाराणसी की जय यूपी ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से पटाखे मंगवाकर अपनी एजेंसी में रखता था और फिर बलिया के अलग-अलग स्थानों पर उनकी आपूर्ति करता था। इस काम में उसके पिता शशिमोहन गुप्ता भी शामिल थे। पुलिस ने बरामद पटाखों के साथ डीसीएम वाहन को संबंधित मुकदमे में दाखिल कर दिया है।
बरामदगी के संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि विस्फोटक अधिनियम, संबंधित नियमों और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
