मनियर में नरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ बलदाऊ जी के शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन
मनियर। सहकारिता एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले नरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ बलदाऊ जी का शताब्दी वर्ष समारोह का आयोजन मनियर इंटर कालेज में किया गया। इसमें बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जदयू के उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने पहुंचकर बलदाऊ जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

कहा कि नरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ बलदाऊ जी का व्यक्तित्व और उनका योगदान केवल बलिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बिहार के बक्सर क्षेत्र में भी उनकी खूब चर्चा होती है। मैं भले ही बिहार में हूं, लेकिन बक्सर में भी नरेंद्र बहादुर सिंह बलदाऊ जी की बड़ी चर्चा होती है। यह उनके कार्यों, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण का परिचायक है। बलदाऊ जी ने आपातकाल के कठिन दौर में 19 महीने तक जेल में रहकर संघर्ष किया। उनका जीवन संघर्ष, सामाजिक सरोकार और जनसेवा की भावना से जुड़ा रहा। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया।
उनके योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को उनके कार्यों से परिचित कराना इस शताब्दी वर्ष समारोह का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने बलदाऊ जी के पुत्र कमलेश सिंह और कुंवर विजय सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे भी अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने पिता के योगदान और विचारों को सम्मान देते हुए समाज के बीच सक्रिय रहना तथा सकारात्मक संदेश देना महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजधानी सिंह, इं. वीरेंद्र पाठक टुनजी, अशोक पाठक, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, विश्राम सिंह, अरविंद शुक्ला, सच्चिदानंद पांडेय, प्रदीप गुप्ता, पूर्व सांसद रवींद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
अतिथियों का व्यक्त किया आभार
मनियर। समारोह में नरेंद्र बहादुर सिंह उर्फ बलदाऊ जी के पुत्र कमलेश सिंह और कुंवर विजय सिंह ने बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन के माध्यम से बलदाऊ जी के जीवन, संघर्ष और सहकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
