
बलिया। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शनिवार को मझौली स्थित एक निजी मैरेज हाल परिसर में राखी मिलन समारोह एवं बहनों के विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मोर्चा की छाता मंडल अध्यक्ष अनिता शर्मा ने परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह को राखी बांधकर किया। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं एवं बहनों ने धर्मेंद्र सिंह को राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह ने सभी बहनों को उपहार भेंटकर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। भाई-बहन का यह पवित्र रिश्ता भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है। इसी भावना को और मजबूत बनाने तथा बहनों के सम्मान के उद्देश्य से राखी मिलन समारोह आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं का सम्मान और उनकी सक्रिय भागीदारी देश की प्रगति के लिए आवश्यक है।
बहनों का स्नेह और आशीर्वाद परिवार के साथ-साथ समाज को भी मजबूती प्रदान करता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महिला मोर्चा की छाता मंडल अध्यक्ष अनिता शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने वाला पर्व है। मंडल अध्यक्ष दीनबंधु मौर्य, प्रियंका पांडेय, निभा राय, अनिता वर्मा, सरस्वती देवी आदि मौजूद रहीं। संचालन रमेश शर्मा ने किया।

