
बलिया। संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को रेवती, बांसडीह एवं गड़वार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। बैठकों में एआईसीसी सदस्य एवं पर्यवेक्षक कुमार आशीष तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
पर्यवेक्षक कुमार आशीष ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी संविधान में विश्वास करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। कहा कि अब संगठन में पदाधिकारी और प्रत्याशी बड़े नाम के आधार पर नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और सक्रियता के आधार पर चुने जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद ही पदाधिकारी और प्रत्याशी तय किए जाएंगे।

जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि किसी भी संगठन की नींव कार्यकर्ता होते हैं। मूल कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श कर पदाधिकारी और प्रत्याशी बनाए जाने की प्रक्रिया पार्टी के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि आज लोगों की निगाहें कांग्रेस और राहुल गांधी पर टिकी हैं।
रेवती की बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष वीरेश तिवारी और संचालन प्रदेश प्रवक्ता पुनीत पाठक ने किया। बांसडीह में अध्यक्षता विनोद सिंह तथा गड़वार में सुनील राम ने की। बैठक में राघवेंद्र प्रताप सिंह, बृजेश सिंह, जैनेंद्र पांडेय, संतोष चौबे, आशुतोष चौबे, अबुल फैज, अमित उपाध्याय, संग्राम तिवारी, दीपक तिवारी, कमलेश कुमार वर्मा, धुरी सिंह, राजन पासवान, जीशान अहमद, हीरा राम, आयुष उपाध्याय, हामिद रजा व कन्हैया पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

