Asarfi

Ballia : जून से शुरू होगा वैना-बाईपास कॉरिडोर हेतु किसानों का पंजीकरण

width="500"

प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा बैठक
माल्देपुर बाईपास को महावीर घाट तक जोड़ने की तैयारी, एस्टीमेट बनाने के दिए निर्देश
बलिया।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग उत्तर प्रदेश दयाशंकर मिश्र दयालु ने शनिवार को विकास भवन सभागार में लोक निर्माण विभाग के मार्गों एवं सेतु निर्माण कार्यों की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना/विकास कार्य को लेकर जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों, सड़कों, पुलों, नहरों, विद्युत व्यवस्था और नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने विधानसभा बलिया क्षेत्र में वैना से बाईपास कॉरिडोर निर्माण पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि जून माह से किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा। वहीं नगरा से बरौली मार्ग तथा एनएच-31 देवरिया से हल्दी तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।


बाढ़ खंड विभाग की वर्तमान में संचालित नौ परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने बांध निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग की कार्यदायी संस्था को नहरों की सफाई में लापरवाही पर फटकार लगाते हुए जिले की सभी नहरों की साफ सफाई सुनिश्चित करने तथा उसकी सूची उपलब्ध कराने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी को बांसडीह तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को जर्जर तार बदलने, आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफार्मर और खंभे लगाने तथा स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका को निर्देश दिए कि बरसात से पहले शहर के सभी नालों की सफाई, पार्कों, स्मारकों और मूर्तियों की साफ- सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि शहर में 400 सफाई कर्मचारी तैनात हैं और नियमित रूप से कूड़ा उठान का कार्य किया जा रहा है।

परिवहन मंत्री ने दिए ये निर्देश
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माल्देपुर से बन रहे बाईपास को महावीर घाट तक लगभग दो किलोमीटर जोड़ने हेतु एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। शहर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इसके लिए उनकी निधि से पांच करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

अधूरे सड़क निर्माण को पूरा करने के दिए निर्देश
वहीं मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि सुखपुरा नहर से बसंतपुर तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुखपुरा टंकी से गांव तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराने को कहा। बसंतपुर नहर से सुखपुरा तक सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए दोबारा निर्माण कराने को कहा गया। चिलकहर ब्लॉक के ग्राम सवरा में निर्माणाधीन पुल को चौड़ा करने तथा सिकंदरपुर-मनियर-लालगंज मार्ग को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। बिहार से चांदपुर मार्ग पर अधूरे पुल निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने को कहा गया।

अनुपस्थित अधिकारियों का कटा एक दिन का वेतन
बैठक में अनुपस्थित पीडब्ल्यूडी और जल निगम नगरीय अधिकारियों के बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं बेल्थरारोड मार्ग पर जल निकासी की समस्या से किसानों की फसल बर्बाद होने पर समाधान निकालने के निर्देश भी दिए गए। प्रभारी मंत्री ने सीएमओ को जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापना हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में ये रहे उपस्थ्ति
बैठक में मंत्री दानिश आजाद अंसारी, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, बांसडीह विधायिका केतकी सिंह, रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *