
बलिया। नरहीं थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में मकान निर्माण के दौरान पांच फीट ऊंचाई से गिरने पर एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गड़वार थाना क्षेत्र के बंगला रतसड़ निवासी 55 वर्षीय वीजेंद्र चौहान शुक्रवार को नरहीं थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया नई बस्ती निवासी विमला देवी पत्नी योगेंद्र यादव के निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह करीब पांच फीट ऊंची दीवार पर निर्माण कार्य कर रहे थे कि अचानक संतुलन बिगड़ने से सिर के बल जमीन पर गिर पड़े।
हादसे में गंभीर रूप से घायल वीजेंद्र चौहान को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पांच फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत होना सामने आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

