स्वाट, सर्विलांस और चितबड़ागांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो तमंचा, कारतूस, चाकू, बाइक, मंगलसूत्र और तीन मोबाइल बरामद
बलिया। चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से घर जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। स्वाट, सर्विलांस और थाना चितबड़ागांव की संयुक्त टीम ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। उनके कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, चाकू, घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक, छीना गया मंगलसूत्र, 320 रुपये नकद और तीन एंड्रायड मोबाइल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कारो गांव निवासी माया देवी नौ सितंबर को कस्बा चितबड़ागांव से ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थीं। ग्राम सुजायत के पास रमेश यादव की गिट्टी-बालू की दुकान के समीप बाइक सवारों ने उनके गले से मोतियों वाले मंगलसूत्र का सोने का लॉकेट झपट लिया था। मामले में 10 सितंबर को चितबड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार और थानाध्यक्ष बृजेश सिंह के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्य और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह नरही-चितबड़ागांव मार्ग पर ग्राम मानपुर के पास रितेश उर्फ पुत्तुल (25) निवासी बैरिया, थाना नरही को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ 17 और 16 वर्ष के दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से दो तमंचे और दो कारतूस, एक चाकू, मोटरसाइकिल, मंगलसूत्र, 320 रुपये और तीन मोबाइल बरामद हुए। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस के अनुसार उसका वास्तविक पंजीकरण नंबर अलग है। पुलिस ने आरोपी और दोनों बाल अपचारियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
