You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : तेज आंधी में तीन हिस्सों में टूटा माल्देपुर पीपा पुल, पांच लोगों का रेस्क्यू

width="500"

बलिया। बुधवार की शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान शहर से सटे माल्देपुर गंगा घाट पर बना करीब एक किलोमीटर लंबा पीपा पुल तीन हिस्सों में टूट गया। पुल टूटने से बिहार के राजपुर निवासी एक महिला समेत पांच लोग बीच नदी में फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, माल्देपुर से बिहार के राजपुर को जोड़ने वाला पीपा पुल तेज आंधी के दौरान अचानक कई स्थानों से टूट गया। इसी दौरान पुल पर मौजूद कुछ लोग बीच हिस्से में फंस गए।

फंसे लोगों में बाइक सवार छठ्ठू कुमार और विकास कुमार निवासी राजपुर (बिहार) भी शामिल थे। दोनों ने आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार के नेतृत्व में फायर सर्विस, राहत एवं बचाव दल तथा स्थानीय नाविक मौके पर पहुंचे। स्टीमर और नाव की मदद से पुल पर फंसे पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


छठ्ठू कुमार और विकास कुमार ने बताया कि वे दोनों बाइक से पीपा पुल पार कर घर जा रहे थे। तभी अचानक तेज आंधी शुरू हो गई और कुछ ही देर में पुल तीन हिस्सों में बंट गया। उन्होंने बताया कि वे करीब 15 पीपों के हिस्से पर फंस गए थे। आगे और पीछे दोनों ओर पुल का संपर्क टूट जाने से निकलना मुश्किल हो गया था। उनकी बाइक अब भी पीपा पुल पर ही फंसी हुई है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार ने बताया कि तेज आंधी के कारण पीपा पुल का जोड़ अलग हो गया था। राहत एवं बचाव टीम तथा नाविकों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि मौके पर लोक निर्माण विभाग, एसडीएम और अन्य अधिकारियों को भेजा गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *