Ballia : मंगई नदी से जुड़े नाले की खुदाई व पुलिया निर्माण को लेकर जलशक्ति मंत्री से मिले पूर्व मंत्री नारद राय

रोशन जायसवाल,
बलिया। विकास खंड सोहांव अंतर्गत मंगई नदी से जुड़े नालों की खुदाई एवं पुलिया निर्माण को लेकर लंबे समय से चली आ रही किसानों की समस्या को लेकर पूर्व मंत्री नारद राय ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से राजधानी लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान फेफना विधानसभा क्षेत्र के सोहांव विकास खंड में जलनिकासी की गंभीर समस्या से पूर्व मंत्री ने उन्हें अवगत कराया।
बताया कि तालकरौली से लड़डूपुर होते हुए मंगई नदी तक लगभग पांच किलोमीटर लंबा एवं तीन मीटर चौड़ा पक्का नाला तथा मौजा हरवंशपुर रौला ताल से टुटुवारी होते हुए कथरिया मंगई नदी तक लगभग छह किलोमीटर लंबा एवं चार मीटर चौड़ा पक्का नाला वर्षों से खुदाई के अभाव में जाम पड़ा है। इसके कारण सैकड़ों एकड़ उपजाऊ भूमि बाढ़ व बरसात के पानी से घिरी रहती है, जिससे किसान साल में केवल एक ही फसल पैदा कर पाते हैं।
पूर्व मंत्री ने बताया कि बीते 20 वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से किसानों ने गुहार लगाई, यहां तक कि आंदोलन भी किए गए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। पूर्व मंत्री नारद राय ने इस ज्वलंत समस्या के समाधान के लिए जलशक्ति मंत्री से आवश्यक निर्देश जारी करने और कार्य के लिए धनराशि अवमुक्त करने का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नालों की खुदाई और आवश्यकतानुसार पुलिया निर्माण कराए जाने के लिए तत्काल प्रभाव से संबंधित विभाग को निर्देश दिए। इस पर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों ने मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शीघ्र ही वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा।

