
बलिया। बांसडीह क्षेत्र के सहपुरवा गांव में गुरुवार सुबह खेत में टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
सहपुरवा निवासी जनार्दन यादव (60) अपने पुत्र राजेश यादव (24) के साथ खेत की ओर जा रहे थे। खेत से करीब 10 मीटर पहले 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। आगे चल रहे राजेश का अचानक तार से संपर्क हो गया और वह करंट की चपेट में आकर छटपटाने लगा।
पुत्र को बचाने के लिए जनार्दन यादव उसकी ओर दौड़े, लेकिन वह भी हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गए। तेज विद्युत प्रवाह के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने घटना देखी और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। सूचना पर बिजली विभाग और पुलिस को जानकारी दी गई। बिजली आपूर्ति बंद होने की पुष्टि के बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को तार से अलग किया।
सूचना मिलने पर तहसीलदार बांसडीह नितिन सिंह और भाजपा नेता विश्राम सिंह भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद सहपुरवा गांव में शोक की लहर है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

