28 अक्टूबर से 4 नवंबर तक सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक लागू रहेगी यातायात व्यवस्था, कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
बलिया। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छोड़हर गांव में 28 अक्टूबर से चार नवंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। कथा वाचिका पूज्य जया किशोरी के कार्यक्रम में प्रतिदिन करीब 35 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। भारी वाहनों, बसों और चार पहिया वाहनों का रूट डायवर्जन प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक लागू रहेगा।
यातायात व्यवस्था के तहत बांसडीह, बैरिया, रेवती और सहतवार की ओर से बलिया आने वाले बड़े और भारी वाहनों को बांसडीह कोतवाली के कचहरी तिराहे से सुखपुरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। बांसडीहरोड तिराहे से रेवती और सहतवार की ओर से बलिया आने वाले वाहनों को बांसडीह कोतवाली की तरफ भेजा जाएगा।
वहीं, बलिया शहर से बांसडीह की ओर जाने वाले वाहनों को कुंवर सिंह चौराहा से सुखपुरा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। एनसीसी तिराहे से आने वाले वाहनों को कुंवर सिंह चौराहा होते हुए सुखपुरा की ओर भेजा जाएगा। सुखपुरा और बलिया की तरफ से शंकरपुर आने वाले वाहनों को हनुमानगंज में रोककर वापस डायवर्ट किया जाएगा।
कई स्थानों पर लगेंगे बैरियर
कथा के मद्देनजर नवानगर, प्रशासनिक पार्किंग, वीवीआईपी प्रवेश द्वार, भरटोलिया हनुमानगंज रोड और हनुमानगंज से शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर प्रतिदिन सुबह नौ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
