बलिया। सनबीम स्कूल बलिया के प्रांगण में मंगलवार को मॉडल यूनाइटेड नेशंस के दूसरे संस्करण एम यू एन प्रतिध्वनि 2.0 का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन में सनबीम स्कूल के विभिन्न शाखाओं से आए युवा प्रतिनिधियों में अत्यंत उत्साह है।
इस दो दिवसीय बौद्धिक महाकुंभ में सनबीम स्कूल बलिया के साथ-साथ सनबीम स्कूल अयोध्या, सनबीम स्कूल देवरिया और सनबीम स्कूल सुल्तानपुर के कुल मेधावी छात्र-छात्राएं बतौर डेलिगेट (प्रतिभागी) भाग ले रहे हैं। यह कार्यक्रम वैश्विक कूटनीति, कूटनीतिक वार्ताओं और नेतृत्व कौशल को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान कर रहा है। प्रतिध्वनि 2.0 के तहत कुल 6 प्रमुख समितियों का गठन किया गया है, जिनमें युवा डेलिगेट सम-सामयिक और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन और स्कूल ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रो. शुक्ला ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व सबसे ऊंची आवाज होने का नाम नहीं है, बल्कि यह वह आवाज है जो बदलाव लाती है। विशेष रूप से बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि वे कभी अपनी आवाज या विचारों को सीमित न करें, क्योंकि असफलता से डरने के बजाय प्रयास न करने से डरना चाहिए। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने कार्यक्रम की प्रस्तावना और स्वागत भाषण दिया। इस दौरान विद्यालय के उपाध्यक्ष दयाशंकर वर्मा, निदेशक कुंवर अरुण सिंह, सचिव श्रीवत्स सिंह आदि मौजूद रहे।
