गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर जिले और महानगर की पार्टी इकाई को भंग कर दिया है। जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत जिला व महानगर कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों तथा राज्य-प्रदेश कार्यकारिणी में गोरखपुर से जुड़े सभी पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
यह कार्रवाई एक दिन पहले प्रेस वार्ता के दौरान सपा के दो नेताओं के बीच हुए विवाद के बाद सामने आई है। बताया जा रहा है कि गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से सपा की ओर से चुनाव लड़ने का दावा करने वाले अंशुमान सिंह और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी के बीच प्रेस वार्ता के दौरान कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अंशुमान सिंह के बेटे ने पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने के बाद शाम को अंशुमान सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
इसके अगले दिन शनिवार को पार्टी नेतृत्व ने गोरखपुर जिले और महानगर की सभी कार्यकारिणियों को भंग करने का निर्देश जारी कर दिया। पार्टी के इस फैसले को प्रेस वार्ता में हुए विवाद के बाद उठाए गए संगठनात्मक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
