तीन दिन से कभी रामजी ठाकुर तो कभी धरीक्षण गौड़ के दरवाजे पर पहुंच रहा, रास्ते से आवागमन किया बंद
हरेराम यादव,
मझौंवा। बैरिया तहसील क्षेत्र के गंगा उस पार नौरंगा-भुवाल छपरा गांव में घड़ियाल निकलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले तीन दिनों से घड़ियाल कभी दिन में तो कभी रात में पानी से बाहर निकलकर ग्रामीणों के घरों के दरवाजे तक पहुंच जा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों ने उक्त रास्ते से आवागमन तक बंद कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, भुवाल छपरा में फेकू बाबा स्थान से पूर्व दिशा में रामजी ठाकुर के घर से करीब 20 फीट की दूरी पर कुछ लोगों ने मिट्टी काटकर बेच दी थी। इससे वहां काफी बड़ा गड्ढा बन गया है। बाढ़ के दौरान गंगा का पानी इस गड्ढे में भर गया। इसी पानी के साथ घड़ियाल भी वहां पहुंच गया और अब उसने गड्ढे को अपना ठिकाना बना लिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिनों से घड़ियाल लगातार पानी से बाहर निकलकर कभी रामजी ठाकुर के दरवाजे तो कभी धरीक्षण गौड़ के दरवाजे तक पहुंच जा रहा है। घड़ियाल के डर से लोग अकेले घरों से निकलने और उक्त रास्ते से आने-जाने से भी बच रहे हैं। ग्रामीणों में बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मौके पर वन विभाग की टीम भेजकर घड़ियाल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और गांव के लोगों को भय से निजात दिलाने की मांग की है।
