कैशलेस सुविधा, वेतन विसंगति दूर करने और शिक्षक पदों पर पदोन्नति की मांग, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा
बलिया। माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के आह्वान पर आयोजित धरने में जिलेभर से शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाते हुए शासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
धरने के बाद शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने 11 सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा। मांगपत्र के माध्यम से कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। कर्मचारियों का कहना था कि उनकी विभिन्न मांगों को लेकर शासन स्तर पर प्रभावी कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।
ये है प्रमुख मांगें
ज्ञापन में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, वेतन विसंगति दूर करने, उपार्जित अवकाश का लाभ देने और शिक्षक पदों पर पदोन्नति सहित कई मांगें प्रमुखता से उठाई गईं। कर्मचारियों ने कहा कि इन मांगों के समाधान से शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी। धरना प्रदर्शन में जनपदीय अध्यक्ष प्रशांत कुमार राय, जिला मंत्री राजीव रंजन सिंह, पंकज कुमार गुप्ता, अजय कुमार सिंह, राकेश कुमार पांडेय, रणजीत कुमार ओझा, विजय शंकर तिवारी, सौरभ सिंह, अश्वनी सिंह सहित अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
