
बलिया। महावीरी जुलूस के दौरान निर्धारित मानकों की अनदेखी कर ऊंची आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने लोक न्यूसेंस और ध्वनि प्रदूषण को लेकर तीन संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को महावीरी जुलूस की ड्यूटी में उपनिरीक्षक श्याम प्रकाश मिश्र पुलिस टीम के साथ तैनात थे। इसी दौरान जुलूस में शामिल वाहनों पर ऊंचाई पर डीजे लगाए गए थे। आरोप है कि संतोष रॉक डायमंड डीजे मऊ, प्रेम डीजे राघोपट्टी भीटी, मऊ और डीके डीजे बलिया की ओर से निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि में संगीत बजाया जा रहा था। मना करने के बावजूद आवाज मानक को पूरा न करने पर कार्रवाई हुई।
पुलिस की तहरीर के मुताबिक डीजे की ऊंचाई और ध्वनि दोनों ही निर्धारित मानकों के विपरीत थे। तेज आवाज के कारण आसपास के लोगों में नाराजगी थी। तेज आवाज के कारण लोक न्यूसेंस की स्थिति पैदा हो रही थी। बीमार, बुजुर्ग और अन्य लोगों को भी तेज शोर के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आरोप है कि पुलिस और लोगों की ओर से आवाज कम करने के लिए कहे जाने के बावजूद संचालकों ने डीजे की ध्वनि कम नहीं की। पुलिस ने इसे प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों की अवहेलना माना।

