You can find updated Android installation instructions and app information on BC Game APK India.

Asarfi

Ballia : अंतिम सोमवार : शिवालयों में उमड़े शिवभक्त, लगाए हर-हर महादेव के नारे

width="500"

बलिया। श्रावण मास की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बलिया के शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिला मुख्यालय स्थित बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर सहित नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न शिवालयों में भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।
इस दौरान बाबा बालेश्वर मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी। बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में पूजा करने आए श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबा सभी की मनोकामनाएं पूरी करते हैं और मंदिर की व्यवस्थाएं संतोषजनक थीं।


अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिरों में रुद्राभिषेक सहित विभिन्न अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने अखंड दीप जलाकर भगवान शिव की आराधना की।


कारो स्थित कामेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बांसडीह तहसील के असेगा स्थित शोकहरण नाथ शिव मंदिर, अवनिनाथ महादेव मंदिर, लखनेश्वरडीह स्थित महादेव मंदिर, छितौनी में बाबा छितेश्वरनाथ शिव मंदिर, शोभनाथ धाम स्थित शिव मंदिर, रेवती में बुढ़वा शिव मंदिर और घोंघा स्थित सैदनाथ महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

पूर्व विधायक मंजू सिंह ने किया बाबा बालेश्वर नाथ का दर्शन
बलिया। नगर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता मंजू सिंह ने सावन माह के पवित्र चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार के अवसर पर बाबा बालेश्वर नाथ जी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से समस्त जनमानस की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि भोलेनाथ सबकी मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी का कल्याण करें।

सावन के चौथे सोमवार को बाबा बालेश्वर नाथ का रुद्राभिषेक
बलिया। सावन के चौथे सोमवार के पावन अवसर पर बलिया के प्रसिद्ध बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में बाबा बालेश्वर नाथ जी का रुद्राभिषेक एवं श्रृंगार आरती संजय सिंह, भारत ट्रांसपोर्ट, मालगोदाम ने किया। श्रद्धा और भक्ति के साथ विधि-विधान से बाबा का रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद भव्य श्रृंगार आरती हुई। इस दौरान बाबा बालेश्वर नाथ से क्षेत्र, जनपद और समस्त श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई।

सावन के अंतिम सोमवार पर रामेश्वर महादेव का जलाभिषेक
देवाधिदेव महादेव की उपासना के सबसे पावन महीने सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर ग्रामसभा मुजौना स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में महादेव का जलाभिषेक कर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। ब्लॉक प्रमुख सीयर एवं प्रमुख संघ अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि महादेव की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहे और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि का वास हो।

कैलाश धाम में दर्शन पूजन को उमड़े भक्त
बलिया। कैलाश धाम रोड स्थित कैलाश धाम ठाकुर जी मंदिर परिसर में श्रावण माह के अंतिम सोमवारी को सुबह से ही भक्तजनों द्वारा पारंपरिक रीति से भगवान भोले को पूजन अर्चन किया गया। बोलबम के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। सामूहिक रूद्राभिषेक भी हुआ। मंदिर के पुजारी रूद्र पाण्डेय ने कहा कि सृष्टि के प्रथम समाजवादी महादेव ही है। रात्रि में सांस्कृतिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। प्रसाद वितरण किया गया। संयोजक शंभू सिंह, भगवान बाबा, नंदलाल वर्मा, सतोष शुक्ल आदि भक्तों की सेवा में जुटे रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *