
बलिया। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर भारतीय डाक विभाग ने राखी भेजने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। बलिया मंडल के सभी 357 डाकघरों में उच्च गुणवत्ता वाले वाटरप्रूफ राखी लिफाफे उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी कीमत महज 10 रुपये रखी गई है। इसके साथ ही राखी भेजने पर डाक खर्च में 10 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी।
राखी को स्पीड पोस्ट, पत्र अथवा पार्सल के माध्यम से देश के किसी भी हिस्से में भेजा जा सकेगा। राखी की बुकिंग में लोगों को सुविधा देने के लिए चयनित डाकघरों में विशेष काउंटर भी बनाए गए हैं, जहां से शीघ्र बुकिंग की सुविधा मिलेगी। विदेश में रहने वाले परिजनों को भी राखी भेजने की सुविधा सभी डाकघरों में उपलब्ध है।
रविवार को भी खुले रहेंगे प्रमुख डाकघर
रक्षाबंधन के अवसर पर लोगों की सुविधा को देखते हुए 16 और 23 अगस्त को रविवार के दिन भी प्रमुख डाकघरों में राखी लिफाफों की बिक्री और राखी की बुकिंग की जाएगी। इनमें प्रधान डाकघर बलिया, प्रधान डाकघर रसड़ा, उपडाकघर सिकंदरपुर, नगरा, बेल्थरारोड, मनियर, बांसडीह, सहतवार और बैरिया शामिल हैं।
अधीक्षक डाकघर, बलिया मंडल ने लोगों से अपील की है कि रक्षाबंधन पर अपने प्रियजनों तक राखी सुरक्षित और समय से पहुंचाने के लिए भारतीय डाक की सेवाओं का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी डाकघर से संपर्क किया जा सकता है।

