
बांसडीह, बलिया। स्थानीय कस्बे के वार्ड नंबर सात (गुदरी बाजार) में मंगलवार की देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चहारदीवारी फांदकर घर में प्रवेश किया और दो कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण व एक लाख रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बांसडीह निमिया गढ़ वार्ड नंबर सात निवासी केदारनाथ पाण्डेय रोजगार के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। उनके मकान की देखरेख उनके बड़े भाई 70 वर्षीय राधेश्याम पाण्डेय करते हैं। राधेश्याम प्रतिदिन सुबह-शाम करीब 50 मीटर दूर स्थित अपने घर से केदारनाथ के मकान में दीपक जलाने के लिए आते हैं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे चोर चहारदीवारी फांदकर मकान में घुस गए। इसके बाद मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर पहुंचे और दो कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखी नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। परिजनों के अनुसार चोर एक लाख रुपये नकद, एक हार, चार चूड़ियां, एक मांगटीका, एक जोड़ी कान की बाली, एक कमरपेटी, एक जोड़ी कंगन, कांसे (फुलहा) और पीतल के बर्तन समेत अन्य सामान ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
बुधवार सुबह राधेश्याम पाण्डेय जब मकान में दीपक जलाने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही कोतवाल राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

